शनिवार, 24 जुलाई 2010

वो देते रहे दर्द, हम सहते रहे

कुछ क्षणिकाएँ............

(१)

मैं ओस की बूंदें बन
पत्तों पर लुढ़कता रहा
और वो 
भंवरा बन फूलों पर
मंडराते रहे!


(२)

मैं परवाना बन
शमा पर मंडराता रहा
और वो
लौ बनकर
मुझे जलाते रहे!


(३)

उनके आंसुओं को हमने
ज़मी ना छूने दी कभी 
और उन्होंने
हमारे ज़ख्म की
मरहम तक ना की!


(४)

उन्होंने कभी 
नज़रें उठाकर ना देखा हमें 
और हम 
बंद आँखों से भी
उनका दीदार करते रहे!


(५)

वो देते रहे दर्द
हम सहते रहे
उनकी बेवफाई को भी
हम वफ़ा कहते रहे!


(६)

हम उनकी
मासूमियत के कायल थे
पर वो
बेरहमी की मूरत निकले!


(७)

उन्होंने रिश्तों को 
कभी अहमियत ना दी
और हमने
रिश्तों के सहारे
ज़िन्दगी गुज़ार दी!

गुरुवार, 22 जुलाई 2010

रेत

Add caption
रेत पर क़दमों के निशान 
एक पल में मिटा देती है हवाएं 

इसी तरह मिटा दिया था
हवा के इक झोंके ने मेरा वजूद,

और मैं ढूंढता फिर रहा हूँ 
अपने क़दमों के निशान
उसी रेत पर
जिस पर चला था दूर तक ,

और साथ ही तलाश 
अपने वजूद की,

रेत और हवाओं से 
बस यही रिश्ता है मेरा!

रविवार, 18 जुलाई 2010

रेतीली आँधियों और लू के थपेड़ों का आनंद

पिछले एक महीने से रेतीली आँधियों और लू के थपेड़ों का आनंद ले रहा था, दरअसल राजस्थान की सैर पर था, तापमान अपने चरम पर था पर फिर भी रेत से मेरे मोह के आड़े नहीं आ पाया, हाँ सभी की तरह सुबह उठते ही आसमाँ की तरफ इस उम्मीद में ज़रूर ताकता था की कहीं बारिश के कोई आसार नज़र आ जाएँ, पर इन्द्र तो आँखों पर शायद धूप का चश्मा लगा कर बैठे है उन्हें इस रेगिस्तान की गर्मी का अहसास नहीं है, मेरे एक मित्र विवेक की सुनाई कुछ पंक्तियाँ अक्सर मुझे याद आती थी............................



"यहाँ नदियों पर
बरसते है मेघ मेरे देश में
और बारिस को
तरसते हैं खेत मेरे देश में"



लेकिन फिर भी मेरा ये टूर बहुत ही शानदार रहा, कुछ पुराने दोस्त और कुछ पुरानी यादों के सुखद अहसास में कब समय व्यतीत हो गया पता ही नहीं चला, बचपन में जिस स्कूल में पढ़ा था देर तक उसके सामने खड़े हो कर उसे निहारता रहता था और एक बार फिर से बचपन में खो जाता था, पुराना शहर जिसकी हवेलियाँ बीकानेर की शान हैं वहां का एक चक्कर रोज़ लगाता था, वहां की शाम शानदार होती है,  इतने दिन रहने के बाद भी बहुत से लोगों से नहीं मिल पाया, और मेरे दिवंगत दोस्त गजेन्द्र की यादों ने बहुत परेशान किया!
अब फिर से ब्लोगिंग शुरु अब आप लोग झेलिये मुझे!

मंगलवार, 15 जून 2010

प्रेम क्या है?

एक सवाल.........


प्रेम क्या है?
धोखा, फरेब या वफ़ा है,
या किसी की रगों में बहता
नशा है!

रविवार, 13 जून 2010

मैं कौन हूँ?

एक प्रश्न 
अक्सर मैं करता हूँ खुद से  
कि मैं कौन हूँ?

अपने अस्तित्व की तलाश में
खुद अपने आप से अपरिचित
हैरान होता हूँ मैं
खुद के मैं पर,

जीने के बहाने ढूंढ़ते हुए भी
मेरा मैं
अस्तित्वहीन सा खड़ा है
सिर उठा कर,

और मैं
मेरे मैं की परतें उधेड़ता हुआ
उलझता जाता हूँ
अपने ही प्रश्न के जाल में!

शुक्रवार, 11 जून 2010

मेरी रचनाओं को सराहो मत

कोई उठाता है उँगलियाँ 
मेरी रचनाओं पर 
तब दिल तो जलता है
पर मेरा हौसला
और भी बुलंद हो जाता है,

इसलिए लोगों 
मेरी रचनाओं को सराहो मत
उनका पोस्टमार्टम करो
शायद मरने का कारण
तुम्हे पता चल जाए,

और जब तुम्हें पता चल जाए 
तो मुझे ज़रूर बताना
मैं इन्हें बार बार मरते हुए 
नहीं देख सकता,

हो सकता है कि
मेरी ये रचनाएँ रद्दी का पुलंदा हो,

पर मैं क्या करूँ
मेरी लेखनी मेरे वश में नहीं रहती,

अक्सर छटपटाती रहती है वो
कुछ लिखने को,

मेरी लेखनी नहीं जानती
कि वो जो लिख रही है
उससे कोई आहत हो सकता है
या वो किसी आलोचक कि
गोली का शिकार हो सकता है!

'अब अपनी औकात में रहने लगी है वह' (वाणीगीत) पर आई टिप्पणियों को समर्पित!

मंगलवार, 8 जून 2010

अतीत के आसमान से

आज बरसों बाद 
छत पर लेटकर तारों को देखा 
और चाँद को 
निहारता रहा देर तक, 


अतीत के आसमान में 
आज फिर से 
सपनों का चाँद 
बादलों की ओट से झांकता नज़र आया,


चाँद मुझ से शर्मा रहा था 
या मैं चाँद से 
कहना कठिन था 
कभी वो बादलों में मुह छुपाता था 
कभी मैं लिहाफ में,


आज वो मुझे आईना दिखा रहा था 
जिसमे मेरा अतीत नज़र आ रहा था 


तारों में नज़र आया मुझे 
मेरा वो मित्र गज्जू 
जो सदा के लिए हमें छोड़ कर जा चुका था 
और मैं सिर्फ एक दिन जिसके लिए रोया था,


और  नज़र आये मुझे 
मेरे बचपन के वो मित्र 
जिन्हें आज मैं अपना मित्र कहने में शर्माता हूँ, 


तारों के पीछे आसमान में 
मेरे अतीत के वो अध्याय भी नज़र आये थे मुझे 
जिन्हें मैं खुद से भी छुपाता हूँ ,


लेकिन अचानक ही न जाने कहाँ से 
बादलों का एक आवारा झुंड 
आसमान में छाया और बरसने लगा,


शायद उन्हें भी ये कबूल न था 
कि मुझ सा खुदगर्ज ईन्सान 
तारों को देखे या चाँद को निहारे 
और फिर से जिंदा कर ले 
अपने मरे हुए ज़मीर को!
NILESH MATHUR

यह ब्लॉग खोजें

www.hamarivani.com रफ़्तार